
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 15 से 18 मई के बीच प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। खास तौर पर 16 मई (शुक्रवार) को हीटवेव की तीव्रता और उसका प्रभाव क्षेत्र सबसे अधिक रहने की संभावना है। अनुमान है कि इस दिन कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बढ़ते तापमान ने बढ़ाई चिंता
बुधवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी दर्ज की गई। वाराणसी, सुल्तानपुर, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, अमेठी, लखनऊ, बहराइच सहित लगभग 15 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया।
बांदा सबसे गर्म
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को बांदा जिला 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे देश में सबसे गर्म रहा। हालांकि, 17 मई से तराई क्षेत्रों में संभावित हल्की बूंदाबांदी के चलते कुछ इलाकों में लू की स्थिति थोड़ी कमजोर पड़ सकती है।
जिन जिलों में लू का विशेष असर रह सकता है:
बांदा, चित्रकूट, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, अंबेडकरनगर सहित आसपास के इलाके।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए दिन के समय धूप में बाहर निकलने से बचें, भरपूर पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
