

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ| राजधानी में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगवाने को लेकर अखिलेश के हालिया बयान को राजनीतिक दिखावा बताया और आरोप लगाया कि सपा प्रमुख को पिछड़ों और दलितों को ठगने की आदत है।
राजभर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित जातीय जनगणना के फैसले ने अखिलेश यादव की नींद उड़ा दी है। अब उन्हें पिछड़ा और दलित वोट बैंक खिसकने का डर सताने लगा है। राजभर ने सवाल उठाया कि जब अखिलेश सत्ता में थे, तब उन्होंने कभी महाराजा सुहेलदेव को याद क्यों नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब केवल वोट बैंक की राजनीति है और अब राजभर समाज इस छलावे में आने वाला नहीं है।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा, “जो अपने पिता और चाचा का नहीं हो सका, वो भला राजभर समाज का क्या होगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की राजनीति में विश्वासघात और धोखा शामिल है। “न उन्होंने बसपा को छोड़ा, न जयंत चौधरी को, उनकी फितरत ही ठगने की है.
ओपी राजभर ने यह भी कहा कि वे खुद अखिलेश यादव के साथ काम कर चुके हैं और उनकी कार्यशैली को भली-भांति जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि जातिगत जनगणना के बाद सपा प्रमुख का वोट बैंक टूट जाएगा, और यही वजह है कि वे अब राजभर समाज को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दलितों को ‘गुलाम’ समझने का आरोप भी लगाया और कहा कि अब समाज जागरूक हो चुका है, और वह किसी भी पार्टी के झांसे में नहीं आएगा।
