

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ स्थित होटल क्लार्क अवध में आयोजित इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (इबजा) के कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की आर्थिक और सुरक्षा प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने व्यापारियों से जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना हेतु ठोस रोडमैप तैयार करने का आग्रह किया। सीएम योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब माफिया और अपराध मुक्त राज्य बन चुका है। यहां आज सुरक्षा का वातावरण सर्वश्रेष्ठ है, जिससे व्यापारियों और निवेशकों को नया भरोसा मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जेम्स एंड ज्वैलरी सेक्टर देश की जीडीपी में 7% योगदान देता है और यह न केवल आर्थिक विकास, बल्कि रोजगार व वैश्विक पहचान में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने इबजा से एक मॉडल तैयार करने को कहा, जिसमें डिजाइन, प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी, पैकेजिंग, सप्लाई चेन और निर्यात की सुविधा हो।
‘सेफ सिटी’ और टेक्नोलॉजी पर विशेष जोर
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम घटकर 7-8 मिनट रह गया है और अब हर जिले में साइबर थाने और फॉरेंसिक लैब्स की स्थापना हो चुकी है। उन्होंने व्यवसायियों से अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का अनुरोध भी किया। उन्होंने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब यूपी दंगा-मुक्त और निवेशक अनुकूल राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं प्रदेश में मौजूद हैं, जो व्यापार और रोजगार की अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं।
व्यापारियों को मिला सीएम का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने इबजा और व्यापारिक समुदाय को आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी और प्रदेश को नई दिशा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सहित कई उद्योगपति और व्यापारी प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
