
-राज्यपाल ने राजभवन में की नवरात्र व गरबा महोत्सव की शुरुआत
-नौ दिन चलेगा मातृ पूजन और उल्लासपूर्ण गरबा आयोजन
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को राजभवन में नवरात्र व गरबा महोत्सव की शुरुआत की। इस दौरान राजभवन मां दुर्गा की आराधना संग गरबा नृत्य से गूंज उठा। मातृ पूजन और उल्लासपूर्ण गरबा आयोजन नौ दिन चलेगा।
राज्यपाल ने राजभवन परिसर में शारदीय नवरात्र पर माता की चौकी व की और मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना कर दुर्गा पूजा गरबा महोत्सव की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं व अतिथियों को नवरात्र की मंगलकामनाएं अर्पित कीं। गरबा महोत्सव 1 अक्टूबर 2025 तक सतत् चलेगा और विजयादशमी के दिन मां दुर्गा के विसर्जन के साथ सम्पन्न होगा। समारोह की शुरुआत मां दुर्गा की आरती से हुई, जहां उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से आराधना कर वातावरण को आध्यात्मिक व श्रद्धामय बना दिया। आरती के बाद पारंपरिक गरबा नृत्य का आयोजन हुआ, जिसमें उत्साह, उल्लास और भक्ति का अद्वितीय संगम देखने को मिला। गुजराती पारंपरिक गरबा व सनेडो गीतों की सुमधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालुगण देर तक झूमते रहे। महोत्सव स्थल पारंपरिक संगीत, नृत्य और देवी भक्ति से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
गरबा महोत्सव में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ सुधीर महादेव बोबडे, विश्वविद्यालय के कुलपति, विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ पंकज एल जानी समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।