
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री मित्र मेगा टेक्सटाइल और परिधान पार्क (पीएम मित्र पार्क), लखनऊ की योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की अद्यतन प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के विभिन्न चरणों को तीव्र गति दी जाए और निवेशकों के लिए सुगम वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्र पार्क उत्तर प्रदेश की आर्थिक विकास यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा, जो न केवल स्थानीय रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा, बल्कि देश के वस्त्र निर्यात को भी मजबूत करेगा।
बैठक में बताया गया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना उत्तर प्रदेश में 1000 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही है, जिसमें 730 एकड़ लखनऊ जनपद और 270 एकड़ हरदोई जनपद शामिल हैं। पार्क के पूर्ण होने पर 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित होने की संभावना है, जिससे 1 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। पार्क के संचालन व प्रबंधन के लिए ‘पीएम मित्र पार्क उत्तर प्रदेश लिमिटेड’ नाम से एसपीवी का गठन किया गया है, जिसमें 51 प्रतिशत हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश सरकार की व 49 प्रतिशत भारत सरकार की होगी।
प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्र विभाग को पीएम मित्रा पार्क, लखनऊ में निवेशकों की ओर से कुल 5,120 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इस परियोजना के अंतर्गत 95 औद्योगिक इकाइयों ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। कुल भूमि की मांग 567 एकड़ तक पहुंच गई है।
प्रक्रिया के संबंध में अवगत कराया गया कि 7 जनवरी 2025 को प्री-बिड मीटिंग का सफल आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय में निविदा दस्तावेज, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट, वित्तीय मॉडल तथा लीगल वेटिंग कन्फर्मेशन के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (पीपीपीएसी) की स्वीकृति के लिए 2 जून 2025 को प्रस्तुत किया गया है।
निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि प्रस्तावित 24.09 किलोमीटर लंबी चारदीवारी में से 15.5 किलोमीटर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पार्क के अंदर कार्यालय स्थान के नवीनीकरण का भौतिक कार्य 97 प्रतिशत पूरा हो गया है, जबकि गेट कॉम्प्लेक्स का निर्माण 16 सितंबर से शुरू हो चुका है।
रैथा अंडरपास (आउटर रिंग रोड) से पीएम मित्र पार्क तक सड़क कनेक्टिविटी परियोजना की प्रगति के संबंध में बताया गया गया कि सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (SIA) रिपोर्ट के साथ सार्वजनिक सुनवाई का कार्य इस सप्ताह शुरू हो गया है और अक्टूबर 2025 के पहले सप्ताह में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सार्वजनिक हितैषी समूह द्वारा SIA की समीक्षा और अधिसूचना प्रकाशन की प्रक्रिया शुरू होगी। एसआई रिपोर्ट पर आपत्तियां नवंबर और दिसंबर 2025 के दौरान स्वीकार की जाएंगी। इसके बाद मुआवजा वितरण शुरू होगा। गोमती नदी पर सेतु निगम ने वेल फाउंडेशन और पियर कार्य पूरा कर लिया है और ग्रिडर्स प्लेसमेंट का कार्य 65% पूर्ण हो चुका है।
बैठक में प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, प्रमुख सचिव हथकरघा अनिल कुमार सागर, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।