
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 39 नई सड़कें बनाई जाएंगी। सोमवार को इन परियोजनाओं का सामूहिक शिलान्यास इंदिरा नगर स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।
समारोह में रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने इन सड़कों का उपहार क्षेत्र की जनता को दिया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, विधायक ओपी श्रीवास्तव, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और एमएलसी मुकेश शर्मा समेत कई नेताओं ने परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी केपी सिंह, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राकेश सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीता नेगी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रयासों से लखनऊ ने हाल के वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। विधायक ओपी श्रीवास्तव ने विश्वास जताया कि नई सड़कों से क्षेत्र में आवागमन और सुगम होगा।
इस मौके पर स्थानीय लोगों और लाभार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजनाओं के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
