
एलायंस टुडे ब्यूरो
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जीएसटी सुधारों का प्रचार-प्रसार करने के लिए गोरखपुर की सड़कों पर पैदल निकले। झूलेलाल मंदिर से गोरखनाथ मंदिर मार्ग तक उन्होंने बाजार का जायजा लिया और दुकानदारों व ग्राहकों से सीधे संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट करने का आग्रह करते हुए कहा कि संशोधित जीएसटी दरों का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने स्टाइल बाजार में खुद जाकर कपड़ों पर नई जीएसटी दरों का स्टिकर चिपकाया और दुकान मालिक को गुलाब का फूल भेंट किया। उन्होंने कहा कि कपड़ों पर कर की दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे बाजार को मजबूती मिलेगी।
इसके बाद उन्होंने न्यू स्वीट्स पैलेस और गीता होलसेल मार्ट में भी दुकानदारों से बातचीत की। यहां व्यापारियों ने बताया कि वे घटाई गई जीएसटी दरों का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना शुरू कर चुके हैं।
एक मेडिकल स्टोर पर मुख्यमंत्री को बताया गया कि अब जीवन रक्षक दवाएं कर-मुक्त हैं, जबकि कई आवश्यक दवाओं पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लागू है। इस मौके पर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पर फूल बरसाए और “घटती जीएसटी, बढ़ता व्यापार, धन्य मोदी सरकार” नारे लगाए.
मुख्यमंत्री योगी ने बाजार में स्टिकर भी वितरित किए और दुकानदारों से ‘गर्व से स्वदेशी’ वाले पोस्टर लगाने की अपील की। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि कम जीएसटी दरें न केवल उपभोक्ताओं का बोझ घटाएंगी, बल्कि इससे मांग, उत्पादन और रोजगार में भी वृद्धि होगी।
