

एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमला करने की नाकाम कोशिश की। पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर हमले की साजिश रची, लेकिन भारतीय यूएएस ग्रिड और वायु रक्षा प्रणालियों ने इन सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया।
एस-400 सुदर्शन चक्र बना ढाल:
भारत के अत्याधुनिक एस-400 ‘सुदर्शन चक्र’ एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत को करारा जवाब दिया। यह प्रणाली एक ही समय में 300 से अधिक मिसाइलों को निष्क्रिय करने में सक्षम है। इसकी सहायता से भारत ने न केवल अपने सैन्य ठिकानों की रक्षा की, बल्कि जवाबी कार्रवाई भी की।
भारत की जवाबी कार्रवाई:
पीआईबी के अनुसार, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई इलाकों में स्थित वायु रक्षा रडार और सिस्टम को सटीक ड्रोन हमलों से निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से बुधवार रात को किए गए सभी हमले विफल कर दिए गए। हमले के बाद कई स्थानों से बरामद मलबे ने यह पुष्टि की कि हमले पाकिस्तान की ओर से किए गए थे। गुरुवार सुबह भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के वायु रक्षा नेटवर्क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
एलओसी पर पाकिस्तान की गोलीबारी और भारत की मजबूर प्रतिक्रिया:
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में बिना उकसावे के भारी मोर्टार और तोपखाने से फायरिंग की। इस हमले में तीन महिलाओं और पांच बच्चों समेत कुल 16 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई। भारत को भी जवाबी कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल तनाव नहीं बढ़ाना चाहते, लेकिन यदि पाकिस्तान अपनी उकसावे वाली हरकतें नहीं रोकता, तो भारत चुप नहीं बैठेगा।
