
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगर प्रदेश का किसान और बागवान खुशहाल होगा, तो उसका सीधा लाभ राज्य की विकास दर को प्राप्त होगा और इसका प्रभाव देश की प्रगति पर भी पड़ेगा। विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में किसान की भागीदारी बेहद अहम है। मुख्यमंत्री ने आगामी 9 जुलाई, 2025 को आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम – 2.0’ वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे रोपण के लक्ष्य की घोषणा की। इस महाअभियान में प्रदेश की जनता से भागीदारी की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि “हर नागरिक एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाए और उसकी फोटो सोशल मीडिया पर साझा कर इस अभियान का हिस्सा बने।”
मुख्यमंत्री योगी ने यह भी बताया कि इस महाअभियान के लिए 50 करोड़ पौधों की व्यवस्था की गई है, जिससे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ प्रदेश की हरित आच्छादन में भी वृद्धि होगी। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों की बात करते हुए कहा कि सरयू नहर परियोजना के माध्यम से वहां की वर्षों पुरानी सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिला है, और अब वह खुशहाल हैं, उन्हें अब रोजी-रोटी के लिए पलायन नहीं करना पड़ता।
मुख्यमंत्री ने किसानों के सशक्तिकरण के लिए मंडी परिषद की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मंडी परिषद केवल एक संस्थागत निकाय नहीं है, बल्कि यह किसानों के आत्मसम्मान, अधिकार और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने मंडी परिषद से जुड़ी कई घोषणाएं कीं, प्रदेश की सभी प्रमुख कृषि मंडियों में ‘शबरी कैंटीन’ की स्थापना की जाएगी, जिनका उद्देश्य ‘सेवा’ होगा, ‘व्यापार’ नहीं। नई कृषि मंडियों की स्थापना आवश्यकता अनुसार की जाएगी, इसके लिए PPP (पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप) मॉडल पर संभावनाएं तलाशी जाएंगी। लखनऊ के विकल्प खंड, गोमती नगर में प्रस्तावित एग्रीमॉल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों पर दण्डात्मक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंडी परिषद को केवल व्यवस्थागत सुधारों तक सीमित न रखने पर बल दिया, बल्कि इसे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि अर्थव्यवस्था को गति देने वाले एक नए मॉडल में परिवर्तित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ किसानों के कल्याण और पर्यावरण के संरक्षण हेतु योजनाएं चला रही है। आने वाले समय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान जनआंदोलन का रूप लेंगे, जिससे उत्तर प्रदेश एक हरित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
