
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लगातार थार सवारों की लापरवाह ड्राइविंग से सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। रविवार को सरोजनीनगर इलाके में अनियंत्रित थार कई होटलों के काउंटरों को तोड़ते हुए दुकान में घुस गई थी। वहीं, सोमवार को हजरतगंज में तेज रफ्तार थार ने स्कूल से लौट रहे कक्षा दो के छात्र को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि बच्चा वाहन के पहियों की चपेट में आने से बच गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
साहू सिनेमा के सामने हुआ हादसा
यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हजरतगंज के साहू सिनेमा के सामने हुई। विष्णु नारायण इंटर कॉलेज में पढ़ने वाला कक्षा दो का छात्र कुंज छुट्टी के बाद पैदल ही घर लौट रहा था। जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार थार (नंबर UP 32 PBW 6978) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कुंज सड़क पर गिर गया और थार उसके ऊपर से निकल गई।
थार की ऊंचाई (ग्राउंड क्लीयरेंस) अधिक होने के कारण बच्चा पहियों के नीचे आने से बाल-बाल बच गया। हालांकि, उसके पैर में चोट आई और वह डर के मारे थरथर कांपने लगा। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सड़क से उठाया और जनपथ पुलिस चौकी पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और घायल बच्चे का प्राथमिक उपचार कराया गया।
ड्राइवर फरार, पुलिस जुटी जांच में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद थार ड्राइवर बिना रुके तेजी से हजरतगंज चौराहा पार कर राजभवन की ओर भाग निकला। थार के पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी, केवल आगे की नंबर प्लेट लगी थी। राहगीरों ने वाहन का वीडियो बनाकर पुलिस को सौंपा है। पुलिस अब फुटेज और वीडियो के आधार पर वाहन और उसके मालिक की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए छात्र को टक्कर मारी और बिना रुके फरार हो गया। घायल छात्र कुंज के पिता शैलेंद्र कुमार नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। परिवार हादसे से सदमे में है और बच्चे को लेकर बेहद डरा हुआ है।
आरटीओ ने लिया संज्ञान
मामले पर आरटीओ प्रवर्तन लखनऊ, प्रभात पांडेय ने कहा कि मीडिया के माध्यम से घटना संज्ञान में आई है। संबंधित क्षेत्र की पीटीओ टीम को पड़ताल के लिए लगाया जाएगा। चूंकि मामला लापरवाह ड्राइविंग से जुड़ा है और स्थानीय पुलिस जांच कर रही है, इसलिए थार वाहन के विवरण निकाले जाएंगे और मौके पर मिली कमियों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
