

एलायंस टुडे ब्यूरो
बदायूं| उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी में उस वक्त हर्षोल्लास का माहौल गम में बदल गया, जब शादी से महज कुछ घंटे पहले दुल्हन दीक्षा की अचानक मौत हो गई। बीस वर्षीय दीक्षा की सोमवार को मुरादाबाद से बारात आने वाली थी, लेकिन रविवार की रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही पलों में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।
दीक्षा, गांव निवासी दिनेश पाल सिंह की इकलौती बेटी थी और इस्लामनगर के एक डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी। रविवार को शादी की रस्में चल रही थीं। मेहंदी की रात थी, परिवार के सभी सदस्य बेहद खुश थे और दुल्हन के साथ नाच-गाना कर रहे थे। दीक्षा ने हल्दी और मेहंदी में खूबसूरत फोटोशूट भी कराया, जिसे सोशल मीडिया और परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया।
रात करीब डेढ़ बजे दीक्षा को पेट में तेज दर्द उठा और वह टॉयलेट गई। वहां उसकी तबीयत और बिगड़ गई। मां सरोज के अनुसार, टॉयलेट में ही दीक्षा की सांसें तेज हो गईं और फिर उसकी गर्दन अकड़ गई। तुरंत गांव के एक डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने दीक्षा को मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने बताया कि दीक्षा को पहले से दिल की बीमारी थी और दिल्ली से उसका इलाज चल रहा था। ऐसे में यह माना जा रहा है कि उसे दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, घर रंग-बिरंगी सजावट से भरा था और मेहमानों की आमद शुरू हो गई थी। लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे गांव और मुरादाबाद से आने वाली बारात पक्ष को भी गमगीन कर दिया। खुशियों से भरा माहौल एक पल में मातम में बदल गया।
