
बरेली: सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में वीडियो और पोस्ट साझा करना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पहला मामला फरीदपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव का है, जहां डंपी उर्फ फखरुद्दीन नामक युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पाकिस्तान के समर्थन और भारत विरोधी पोस्ट साझा किए। आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लंगड़ाते हुए चलते हुए ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाता दिख रहा है, लेकिन उसकी मंशा पर सवाल उठे क्योंकि उसने इससे पहले पाकिस्तान के समर्थन में वीडियो पोस्ट किया था। लोगों ने उसका वीडियो और स्क्रीनशॉट लेकर सोशल मीडिया (एक्स) पर पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद बरेली पुलिस ने संज्ञान लेते हुए फरीदपुर पुलिस को जांच के निर्देश दिए। साइबर सेल की मदद से युवक की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा ने जानकारी दी कि फखरुद्दीन ने 12 मई को फेसबुक पर देशविरोधी सामग्री पोस्ट की थी। जांच के बाद उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई और उसे जेल भेज दिया गया। दूसरा मामला देवरनियां थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर का है। यहां के निवासी मोहम्मद साजिद ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कुछ युवक झंडा लहराते हुए पाकिस्तान समर्थक नारे लगाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल हुआ और लोगों ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना देवरनियां के एसएसआई नवदीप कुमार ने आरोपी साजिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और रविवार रात उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
