

एलायन्स टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: भारतीय सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब देते हुए 6-7 मई की रात को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया गया। इस साहसिक कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है। ऑपरेशन के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ा है और देश में हाई अलर्ट की स्थिति बन गई है।
तनाव के चलते उत्तरी और पश्चिमी भारत के कम से कम 18 प्रमुख एयरपोर्ट्स को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इन एयरपोर्ट्स में श्रीनगर, जम्मू, लेह, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर शामिल हैं।
हवाई सेवाओं पर बड़ा असर
ऑपरेशन सिंदूर के बाद देशभर में हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। अब तक 200 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया जा चुका है। अकेले इंडिगो ने ही 165 फ्लाइट्स रद्द की हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से भी 35 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है, जिनमें 23 डिपार्चर, 8 अराइवल और 4 इंटरनेशनल फ्लाइट्स शामिल हैं।
इंडिगो ने कई शहरों के लिए उड़ानें की रद्द
इंडिगो एयरलाइंस ने मंगलवार को श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर और जोधपुर के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जांच कर लें ताकि असुविधा से बचा जा सके।
एयरलाइंस ने दी राहत की जानकारी
फ्लाइट कैंसिलेशन के बाद कई एयरलाइंस ने अपने-अपने बयान जारी कर यात्रियों को राहत देने की घोषणा की है। एयर इंडिया ने बताया कि उसने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट की उड़ानें 10 मई सुबह 5:29 बजे तक रद्द कर दी हैं। यात्रियों को टिकट रद्द कराने या दोबारा शेड्यूल कराने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा।
कतर एयरवेज ने पाकिस्तान के लिए उड़ानें रोकीं
कतर एयरवेज ने बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं, क्योंकि पाकिस्तानी एयरस्पेस को बंद कर दिया गया है। वहीं, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी कई उड़ानें रद्द कर यात्रियों को फुल रिफंड या वैकल्पिक उड़ानों की सुविधा देने की बात कही है।
