

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रोजगार, महिला सुरक्षा, आरक्षण और शिक्षा के निजीकरण जैसे अहम मुद्दों पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के पास डिग्रियां तो हैं, लेकिन सरकार उन्हें ‘डिलीवरी ब्वॉय’ बनने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नौकरियों की संख्या लगातार घट रही है, रोजगार के अवसर समाप्त हो रहे हैं और योग्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार काम नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सम्मानजनक रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है।
सपा प्रमुख ने आरक्षण प्रणाली के साथ खिलवाड़ का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत ही साफ नहीं है और आरक्षण न देने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से नौकरियों में कटौती की जा रही है। महिला सुरक्षा को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य उत्तर प्रदेश बन गया है।” भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “भ्रष्ट लोग पाताल लोक नहीं जा रहे, बल्कि मुख्यमंत्री आवास जा रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया कि आखिर आतंकवादी देश के अंदर तक कैसे घुस गए? उन्होंने मांग की कि हमले में शहीद हुए जवानों के परिजनों को 10-10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की संस्थाएं अब निष्पक्षता से काम नहीं कर रहीं और न्याय की उम्मीद रखने वाले लोगों को भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा पर ‘प्रोपेगेंडा’ आधारित राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सपा ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) संकल्प के जरिए सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षा के निजीकरण पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा में राजनीतिक हस्तक्षेप कर रही है और निजीकरण को बढ़ावा देकर आम लोगों के अधिकार छीन रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सपा की युवा इकाई जनता को जागरूक करेगी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अगर समाजवादी पार्टी का कोई कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर अपनी राय रखता है, तो पुलिस प्रशासन तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई में जुट जाता है। अखिलेश यादव के इस हमलावर रुख को आगामी चुनावों के मद्देनज़र बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
