
एलायंस टुडे ब्यूरो
रायबरेली; रायबरेली में बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल समाज पार्टी (RSSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya ) पर एक जनसभा के दौरान हमला करने की कोशिश हुई। घटना उस समय हुई जब मौर्य अपने समर्थकों के साथ शहर के गोल चौराहे पर एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान माला पहनाने की आड़ में एक युवक ने उन्हें पीछे से थप्पड़ मार दिया।
हमले के बाद मौके पर मौजूद मौर्य समर्थक भड़क उठे और आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि स्वागत के दौरान पीछे से दो युवक आते हैं और मौर्य के सिर पर थप्पड़ जड़ते हैं। इसके तुरंत बाद समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और लात-घूंसों व डंडों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने भीड़ से बचाया, आरोपी हिरासत में
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों को भीड़ से छुड़ाया और घायल अवस्था में उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों का संबंध करणी सेना से बताया जा रहा है, हालांकि इस संगठन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मौर्य ने सरकार पर साधा निशाना
घटना के बाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ये सरकारी गुंडे हैं, करणी सेना के लोग हैं। मैं लखनऊ से फतेहपुर जाते वक्त रायबरेली में रुका था, जहां सारस चौराहे पर मुझ पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ऐसे तत्वों को बढ़ावा दे रही है जो लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला कर रहे हैं।
पहले भी हो चुके हैं विवादों में
स्वामी प्रसाद मौर्य अपने विवादास्पद बयानों और राजनीतिक रुख के चलते अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस तरह की घटना उन पर पहले भी हो चुकी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल रायबरेली में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश में जुटी है।
