
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। ब्रह्माकुमारी संस्था के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारी सुमन के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में शुक्रवार को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बलरामपुर चिकित्सालय के ब्लड सेंटर ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। आयोजन में लगभग 50 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की।
शिविर के दौरान ब्लड सेंटर इंचार्ज डॉ. विनोद हरिराम गुप्ता ने कहा, “हमारी टीम को यह अवसर देने के लिए हम ब्रह्माकुमारी संस्था के आभारी हैं। रक्तदान से किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिलता है, और यह सबसे बड़ा पुण्य है।”
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ल ने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा, “आज के इस आयोजन में लोगों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी ऐसे शिविर समाज सेवा की भावना को बढ़ावा देंगे।”
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा, “बलरामपुर चिकित्सालय सदैव जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहयोग करता रहा है। रक्तदान मानवता का सर्वोत्तम उदाहरण है, और इस प्रकार के शिविर समाज में जागरूकता लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।”
चिकित्सालय की निदेशक डॉ. कविता आर्या ने रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाता है, बल्कि यह दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। हर सक्षम व्यक्ति को नियमित रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
बलरामपुर चिकित्सालय परिवार ने ब्रह्माकुमारी संस्था, सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर पूर्णत: सफल रहा और इसने यह प्रेरक संदेश दिया कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी की जिंदगी बचा सकता है।”
