

एलायंस टुडे ब्यूरो
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा की विशाल और दुर्गम पहाड़ियों में पिछले दो सप्ताह से सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़े स्तर पर नक्सल-विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात एक अहम मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने 18 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया है। सूत्रों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। कर्रेगुट्टा की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन सुरक्षाबल लगातार सघन तलाशी और गश्त अभियान चला रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को इस क्षेत्र में कुछ शीर्ष नक्सली नेताओं और बटालियन नंबर-1 की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर ऑपरेशन को तेज किया गया। पिछले 15 दिनों में इस अभियान के तहत कई नक्सलियों को मार गिराया गया है।
हालांकि, इस मुठभेड़ को लेकर स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कर्रेगुट्टा पहाड़ी इलाका पहले भी नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है, लेकिन मौजूदा ऑपरेशन को इस क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में सुरक्षाबलों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
