
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीखे शब्दों में घेरा है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने पीएम मोदी से कई सवाल पूछते हुए कहा कि अब खोखले भाषणों का समय खत्म हो चुका है।
राहुल गांधी ने लिखा, “मोदी जी, खोखले भाषण देना बंद कीजिए। सिर्फ इतना बताइए कि आतंकवाद पर आपने पाकिस्तान की बात पर भरोसा क्यों किया? ट्रंप के सामने झुककर भारत के हितों की कुर्बानी क्यों दी? आपका खून सिर्फ कैमरों के सामने ही क्यों गरम होता है? आपने भारत के सम्मान से समझौता कर लिया!”
राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के उस भाषण के जवाब में आया है, जो उन्होंने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में दिया था। पीएम मोदी ने वहां कहा था कि भारत ने आतंकियों के खिलाफ 22 मिनट में नौ बड़े ठिकाने तबाह कर दिए। उन्होंने यह भी कहा, “जब सिंदूर बारूद बन जाता है, तो उसका नतीजा क्या होता है, यह पाकिस्तान को बता दिया गया है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए तीन सख्त सिद्धांत बताए, अगर भारत पर आतंकी हमला हुआ, तो उसका करारा जवाब मिलेगा। इसे देश के खिलाफ युद्ध माना जाएगा और जवाब देने का समय सेना तय करेगी। भारत अब “स्टेट और नॉन-स्टेट” जैसे पाकिस्तान के बहानों को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने दुनिया के सात अलग-अलग हिस्सों में प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं ताकि पाकिस्तान का असली चेहरा सामने लाया जा सके।इन दोनों नेताओं के तीखे बयानों के बीच देश की सियासत एक बार फिर गरम हो गई है, और सुरक्षा के मुद्दे पर गहरा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
