
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा, जिन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था, अब आईपीएल 2025 के बचे हुए सत्र में धमाकेदार वापसी के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। बुधवार को उन्हें मुंबई इंडियंस के अभ्यास सत्र में पसीना बहाते हुए देखा गया, जिसका वीडियो खुद टीम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साझा किया। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के बाद आईपीएल 2025 के शेष 17 मैचों का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट की दोबारा शुरुआत 17 मई से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 3 जून को खेला जाएगा।
मुंबई इंडियंस अब तक 12 मैच खेल चुकी है और फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। टीम के लीग स्टेज के दो मुकाबले बाकी हैं, जिसमें जीत दर्ज करके मुंबई प्लेऑफ में प्रवेश पक्की करना चाहेगी। अगला मुकाबला 21 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई में ही खेला जाएगा। अगामी मैचों की तैयारी के तहत मुंबई इंडियंस की टीम कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुआई में वानखेड़े स्टेडियम पहुंची। यहां रोहित शर्मा को कर्ण शर्मा, रॉबिन मिंज, अश्विनी कुमार और तिलक वर्मा के साथ नेट्स पर अभ्यास करते हुए देखा गया।
रोहित शर्मा की मौजूदा फॉर्म भी टीम के लिए राहत की खबर है। अब तक उन्होंने 11 मैचों में तीन अर्धशतक की मदद से कुल 300 रन बनाए हैं। उनके अनुभव और लय को देखते हुए, प्रशंसकों को उम्मीद है कि वह शेष सत्र में मुंबई को जीत की राह पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
