
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूल और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) द्वारका, मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल द्वारका और ग्रेटर कैलाश स्थित ब्लू बेल्स स्कूल को धमकी भरी कॉल प्राप्त हुई। वहीं सागरपुर स्थित दीप मॉडल स्कूल को भी धमकी भरा मेल मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसरों को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार सुबह 7:24 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी। अभिभावकों में इस धमकी के बाद चिंता का माहौल है। एक अभिभावक ने बताया कि उन्हें स्कूल प्रशासन की ओर से बच्चों को वापस ले जाने का संदेश मिला, लेकिन पहले कारण स्पष्ट नहीं किया गया था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिल्ली के कई स्कूल और कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जो जांच में झूठे निकले। बीते जुलाई महीने में 20 से अधिक स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हाल ही में आईपी कॉलेज फॉर विमेन, हिंदू कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स को भी ऐसे मेल प्राप्त हुए थे। हालांकि तलाशी के बाद सभी धमकियां निराधार साबित हुईं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, धमकी भरे मेल और कॉल्स की जांच की जा रही है और साइबर सेल भी इसमें जुटा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल सतर्क हैं।
