
एलायंस टुडे ब्यूरो
मुंबई। मशहूर सिंगर और मिमिक्री आर्टिस्ट सुडेश भोसले हाल ही में पत्रकार शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में शामिल हुए, जहां उन्होंने अपनी आवाज़ की जादूगरी से सबको चौंका दिया। उन्होंने न सिर्फ गानों की दुनिया के अपने अनुभव साझा किए, बल्कि कई दिग्गज अभिनेताओं की हूबहू आवाज़ निकालकर सुनाई, जिसे सुनकर दर्शक चकित रह गए। पॉडकास्ट के दौरान सुदेश भोसले ने राजकुमार साहब, विनोद खन्ना, असरानी, और संजीव कुमार जैसे कई दिग्गज कलाकारों की बिल्कुल सटीक मिमिक्री की। हर एक आवाज़ इतनी असली लग रही थी कि जैसे खुद वही अभिनेता बोल रहे हों।
अमिताभ बच्चन की ‘आवाज़’ बने सुदेश
सुडेश भोसले को लोग खासतौर पर इसलिए भी जानते हैं क्योंकि उन्होंने बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की आवाज़ में कई सुपरहिट गाने गाए हैं। उनके द्वारा गाए गए “जुम्मा चुम्मा दे दे” और “मेरी मखना मेरी सोणिये” जैसे गाने आज भी लोगों की जुबां पर हैं। इन गानों में सुदेश की आवाज़ इतनी मिलती-जुलती थी कि कई दर्शकों को लगा कि खुद अमिताभ बच्चन ने ही इन्हें गाया है।
बहुप्रतिभाशाली कलाकार
सुदेश भोसले एक मशहूर गायक और मिमिक्री आर्टिस्ट हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1960 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था। वे हिंदी, मराठी, बंगाली सहित कई भाषाओं में गाने गा चुके हैं। उन्हें खासतौर पर अमिताभ बच्चन की आवाज़ की हूबहू नकल करने के लिए जाना जाता है। उन्होंने ‘हम’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘बागबान’ जैसी फिल्मों में अमिताभ बच्चन की आवाज़ में गाने गाए हैं। उन्होंने पॉडकास्ट में कई मज़ेदार किस्से साझा किए, जिनमें उन्होंने अपने संघर्षों, मंच पर हुए दिलचस्प अनुभवों और साथ में काम करने वाले अन्य गायकों के बारे में भी बताया।
