
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह किस विषय पर बोलेंगे। इस ऐलान ने अटकलों को तेज कर दिया है।
संबोधन का समय बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि कल से जीएसटी 2.0 सुधार लागू होने जा रहे हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री का संबोधन इन्हीं सुधारों पर केंद्रित हो सकता है। इसके अलावा अमेरिका द्वारा एच-1बी वीज़ा धारकों पर की गई सख्ती और भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद भी संभावित विषयों की सूची में शामिल हैं।
2014 में सत्ता संभालने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार राष्ट्र को संबोधित कर बड़े फैसलों की जानकारी दी है। 8 नवंबर 2016 को उन्होंने 500 और 1000 रुपये के नोटों के विमुद्रीकरण की घोषणा की थी। 12 मार्च 2019 को पुलवामा हमले के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक की जानकारी दी। 24 मार्च 2020 को कोरोना महामारी रोकने के लिए 21 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन का ऐलान किया। इसके बाद 14 अप्रैल 2020 को लॉकडाउन बढ़ाने और मई में चरणबद्ध ढील की घोषणा की। 12 मई 2025 को उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर देश को जानकारी दी थी।
अब जब जीएसटी 2.0 सुधार कल से लागू होने जा रहे हैं, ऐसे में यह संबोधन खास महत्व रखता है। नए सुधारों के तहत जीएसटी की दरों में कटौती की गई है, जिससे रसोई के जरूरी सामान, घी, कॉफी, पनीर और केचप सस्ते हो जाएंगे। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दवाइयों की कीमतों में भी गिरावट आएगी।
कार खरीदने वालों के लिए भी यह खुशखबरी है। दरअसल, कारों पर जीएसटी घटाने से कई कंपनियों ने कीमतों में कमी की घोषणा कर दी है। यह कदम नवरात्र और धनतेरस जैसे त्योहारों पर खरीदारी को बढ़ावा देगा।
अभी तक जीएसटी चार स्लैब, 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत में लगाया जाता था। नए सुधारों के तहत यह घटकर दो स्लैब 5 और 18 प्रतिशत तक सीमित हो जाएगा। हालांकि लग्ज़री सामानों पर 40 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। प्रधानमंत्री का आज का संबोधन इस बड़े कर सुधार की दिशा में ऐतिहासिक माना जा सकता है।
