
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: आईपीएल 2025 का 63वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में एक ऐसा वाकया देखने को मिला जो आईपीएल के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी माधव तिवारी ने इस मैच में डेब्यू किया, लेकिन खास बात यह है कि वे इसी सीज़न में पहले भी एक बार डेब्यू कर चुके थे। अब सवाल उठता है कि कोई खिलाड़ी एक ही सीज़न में दो बार डेब्यू कैसे कर सकता है|
मामला कुछ ऐसा है 8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच खेला जा रहा था। लेकिन उस दिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते पठानकोट में ड्रोन हमला हुआ, जिसके कारण मैच को 10.1 ओवर के बाद रद्द कर दिया गया। बीसीसीआई ने इस मैच को अमान्य घोषित कर दिया, जिससे इस मैच में खिलाड़ियों के बनाए रन, विकेट या डेब्यू किसी भी चीज़ को आधिकारिक दर्जा नहीं मिला।
इस रद्द हुए मैच में माधव तिवारी ने एक ओवर गेंदबाजी की थी और 14 रन दिए थे, लेकिन विकेट नहीं लिया था। चूंकि उस मुकाबले को आधिकारिक रूप से गिना नहीं गया, इसलिए माधव का डेब्यू भी रद्द माना गया। अब जब उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, तो यह मैच उनके आधिकारिक आईपीएल डेब्यू के तौर पर गिना जाएगा। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल की गैरमौजूदगी में फाफ डू प्लेसिस कर रहे हैं, क्योंकि अक्षर बीमार हो गए हैं। वहीं केएल राहुल को चोट के कारण इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया है। इस तरह माधव तिवारी आईपीएल के इतिहास में एक ही सीज़न में दो बार डेब्यू करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं — एक रद्द हुए मैच में और अब आधिकारिक तौर पर वानखेड़े में।
