
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ | उत्तर प्रदेश ( Uttar Pradesh Weather Update ) में एक बार फिर मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। बीते 24 घंटों में राज्य के पूर्वी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर बुंदेलखंड और आगरा क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि पश्चिमी यूपी के 29 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है।
पूर्वी यूपी में भारी बारिश, प्रतापगढ़ में रिकॉर्ड 85 मिमी
राज्य के कई जिलों में सोमवार को झमाझम बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार: प्रतापगढ़ में सर्वाधिक 85 मिमी बारिश दर्ज की गई। जौनपुर में 69.2 मिमी, अमेठी में 65 मिमी, वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही वर्षा से जहां किसानों को राहत मिली है, वहीं निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखी जा रही है।
बुंदेलखंड और आगरा क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, मंगलवार को बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों — झांसी, जालौन, ललितपुर, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा — तथा आगरा संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जहां मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें – CM YOGI को बम से उड़ाने की युवक ने दी धमकी, देशविरोधी पोस्ट वायरल, आरोपी गिरफ्तार
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम हुआ कमजोर, ट्रफ लाइन उत्तर की ओर खिसकी
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम अब कमजोर पड़ चुका है, जिससे मानसूनी ट्रफ लाइन उत्तर की ओर शिफ्ट हो गई है। इस ट्रफ लाइन के प्रभाव से मंगलवार को प्रदेशभर में पूरब से पश्चिम तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
खेती के लिए अनुकूल, लेकिन निचले इलाकों में अलर्ट की जरूरत
बारिश का यह दौर खासतौर पर धान और खरीफ फसलों के लिए लाभदायक माना जा रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने आगाह किया है कि निचले इलाकों में जलभराव और कीचड़ से जीवन प्रभावित हो सकता है। नगर निगम और जिला प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले एक हफ्ते तक तराई क्षेत्रों में बूँदाबांदी जारी रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों — जैसे पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा — में छिटपुट बारिश और बूँदाबांदी होती रहेगी। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट और उमस में कमी आने की संभावना है।
