
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का 15 दिनों के भीतर मुंहतोड़ जवाब दे दिया है। सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में एयर स्ट्राइक कर नौ आतंकी ठिकानों को मिसाइलों से तबाह कर दिया। इस अभियान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है। सेना के इस साहसी कदम की देशभर में सराहना हो रही है।
इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है—क्या ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी कोई फिल्म बनेगी? कई यूजर्स ने बॉलीवुड से जुड़े कलाकारों के नाम सुझाने शुरू कर दिए हैं और संभावित कास्टिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ट्विटर (एक्स) पर एक यूजर ने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर पर आदित्य धर की फिल्म शानदार हो सकती है।” इसके बाद प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “जॉन अब्राहम, अक्षय कुमार और विक्की कौशल स्क्रिप्ट देख रहे हैं।” वहीं किसी ने लिखा, “आशा है कि अक्षय कुमार इस बार प्रयास नहीं करेंगे।” ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ फेम विक्की कौशल को लेकर भी कई यूजर्स ने नाम सुझाया है। एक यूजर ने तो अभिनेत्री यामी गौतम को फिल्म में पायलट के रूप में देखने की इच्छा जताई।
गौरतलब है कि भारतीय सेना के ऐसे साहसिक अभियानों पर पहले भी कई फिल्में बन चुकी हैं, जैसे ‘लक्ष्य’, ‘शेरशाह’, ‘पंजाब 1984’, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और हाल ही में रिलीज़ हुई ‘फाइटर’। अब जब भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ एक और निर्णायक कदम उठाया है, तो दर्शक एक और प्रेरणादायक फिल्म की उम्मीद कर रहे हैं।