
एलायंस टुडे ब्यूरो
अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद में अहमदाबाद नगर निगम की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सैन्य बलों की कार्रवाई की सराहना करते हुए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। शाह ने कहा, “आतंक और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते। अगर पाकिस्तान ने आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाई तो उसे सिंधु नदी से एक बूंद पानी भी नहीं मिलेगा।”
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही देश को यह संदेश दे चुके हैं कि “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।” शाह ने चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद का कारोबार बंद करना होगा, वरना सभी व्यापारिक रिश्ते खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि बातचीत केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की वापसी और आतंकवाद के सफाए के मुद्दे पर ही हो सकती है।
तिरंगा यात्रा में दिखा जोश
इससे पहले, अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में एक भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा नल सरोवर चौकड़ी से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौक तक पहुंची, जहां गृह मंत्री ने 16वीं सदी के वीर योद्धा महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मार्च में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए, जिनमें गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी, स्थानीय विधायक, भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे गूंजते रहे।
गुजरात भाजपा ने बताया कि साणंद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस तिरंगा यात्रा में शरीक हुए। यह यात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भाजपा द्वारा पूरे देश में सेना के सम्मान में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं का हिस्सा है।
सहकारी महासम्मेलन में अहम घोषणाएं
अमित शाह ने इसी दिन अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत आयोजित ‘सहकारी महासम्मेलन’ में भी हिस्सा लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही नए PACS के पंजीकरण के लिए एक नई नीति लागू की जाएगी। शाह ने सहकारिता को गांव की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए इसे मजबूत करने पर बल दिया।
