
एलायंस टुडे ब्यूरो
अयोध्या: प्रख्यात बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने सोमवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। वे पड़ोसी जनपद गोंडा में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह के तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोविंदा गोंडा के परसपुर क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव रामेश्वर पुरवा मिझौरा पहुंचे थे। तिलकोत्सव कार्यक्रम के बाद गोविंदा अयोध्या पहुंचे और श्रद्धा भाव से रामलला के दर्शन किए। दर्शन के दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और शांतिपूर्ण ढंग से मंदिर परिसर में समय बिताया।
धार्मिक पर्यटन में गिरावट बनी चिंता का कारण
हालांकि गोविंदा जैसे सितारों की उपस्थिति से अयोध्या में आकर्षण बना रहता है, लेकिन हालिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले दो महीनों में अयोध्या में धार्मिक पर्यटन का ग्राफ तेजी से गिरा है। एक सर्वेक्षण में पाया गया है कि श्रद्धालुओं की संख्या में लगभग 50% तक की कमी दर्ज की गई है। यह स्थिति न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से चिंताजनक है, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव स्थानीय अर्थव्यवस्था और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पर भी पड़ रहा है। महाकुंभ के दौरान अयोध्या में तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली थी, लेकिन रामनवमी के बाद से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इस गिरावट का सीधा असर होटल व्यवसाय, परिवहन सेवाओं, स्थानीय व्यापार, और छोटे दुकानदारों की आमदनी पर पड़ा है।
उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड इकोनॉमिक एसोसिएशन के महासचिव एवं प्रमुख अर्थशास्त्री प्रो. विनोद श्रीवास्तव ने अपने सर्वे के आधार पर बताया कि 10 मार्च के बाद से ही अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में धीरे-धीरे कमी आने लगी थी, जो अब गंभीर स्तर तक पहुंच गई है।
