
एलायंस टुडे ब्यूरो
औरैया। यूपी के औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रक्षाबंधन के दिन हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया। सुबह चचेरे भाई ने 14 वर्षीय बहन से राखी बंधवाई, लेकिन रात होते-होते वह हैवान बन बैठा। पहले नाबालिग से दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से फंदे पर लटका दिया।
क्राइम पेट्रोल से सीखा सबूत मिटाने का तरीका
एसपी अभिजीत आर. शंकर के मुताबिक, आरोपी टीवी पर अपराध आधारित कार्यक्रम देखता था और उसे अपराध के सबूत मिटाने के तरीके मालूम थे। पुलिस को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं क्योंकि घटना के बाद से ही वह जांच में असामान्य रूप से सक्रिय था और पुलिस टीम जहां-जहां जाती, वह भी वहां मौजूद रहता।
सुबह पिता ने देखा फंदे पर लटकता शव
10 अगस्त की सुबह, पीड़िता के पिता घर के बाहर पशु बाड़े में सो रहे थे। जब उठे तो बेटी को न पाकर कमरे में गए, जहां उसका शव फंदे पर लटक रहा था। मौके पर खून के धब्बे देखकर पुलिस को हत्या का शक हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर जांच उसी दिशा में आगे बढ़ी।
कपड़ों पर मिले खून से खुला राज
संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। उसकी पैंट पर खून के धब्बे मिले, जो जांच में पीड़िता के खून से मेल खाते थे। सबूत सामने आने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वारदात की रात की कहानी, आरोपी के शब्दों में
आरोपी ने बताया कि उसे पता था पीड़िता घर में अकेली है, क्योंकि पिता बाहर बाड़े में सोते थे और मां-बड़ी बहन नोएडा गई थीं। रात में वह दीवार फांदकर घर में घुसा। पीड़िता को देखकर उसने उसका गला दबाया, दुष्कर्म किया और फिर दोबारा गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद फंदा बनाकर शव लटका दिया और अपने निशान मिटाकर घर लौट गया। 31 वर्षीय आरोपी पेशे से हलवाई है और पत्नी, बेटी व बेटे के साथ रहता है। पीड़िता चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी और कक्षा-8 की छात्रा थी।
