

धीरेंद्र वर्मा
22 सितंबर 2025 से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होती है और श्रद्धालु उपवास रखकर पूरे दिन पूजा-पाठ और सात्विक भोजन करते हैं। ऐसे में फलाहारी भोजन का खास महत्व होता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ व्रत के नियमों का भी पालन करे।
आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक सरल, पौष्टिक और पूरी तरह व्रत के अनुकूल फलाहारी थाली की रेसिपी, जिसे आप मां शैलपुत्री की पूजा के बाद प्रसाद और भोजन के रूप में ग्रहण कर सकते हैं।
आलू-टमाटर की रसीली सब्जी
सबसे पहले उबले हुए आलू को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब टमाटर, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया भी बारीक काट लें, कुकर में थोड़ा देसी घी गरम करें। उसमें पहले हरी मिर्च डालें, फिर जीरा और अदरक डालकर भूनें। अब कटे हुए टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं। टमाटर गलने पर उसमें कटे आलू और सेंधा नमक डालें। थोड़ी सी हरी धनिया और पानी डालें और कुकर में एक सीटी लगा लें। कुकर के ठंडा होने पर ढक्कन खोलें। व्रत की स्वादिष्ट सब्जी तैयार है।
नोट: अगर आपके व्रत में टमाटर मान्य नहीं हैं तो उसकी जगह नींबू का रस डाल सकते हैं।
कुट्टू के आटे की पूरी
उबले आलू को मैश कर लें, ध्यान रहे कि गांठ न रहें। इसमें सेंधा नमक डालें और कुट्टू का आटा मिलाकर मुलायम आटा गूंध लें। अब छोटे-छोटे लोई बनाएं और हल्के हाथों से बेलें। गर्म तेल में दोनों तरफ से कुरकुरी होने तक तलें। गरमा गरम कुट्टू की पूरियां तैयार हैं।
खीरे का रायता
खीरे को बारीक कद्दूकस कर लें और दही को अच्छे से फेंट लें। दही में खीरा, सेंधा नमक, भुना पिसा जीरा और काली मिर्च डालें। ठंडा और ताजगी से भरपूर रायता तैयार है, जो व्रत के भोजन को संतुलित बनाता है।
गाजर की खीर
गाजर को कद्दूकस करके दूध में पकाएं। स्वाद के अनुसार शक्कर या मखाने डालें। इलायची और थोड़े से काजू-बादाम डालें। यह मिठास भरी खीर व्रत की थाली को पूरा बनाती है।
पूरी फलाहारी थाली में शामिल हैं:
आलू-टमाटर की रसीली सब्जी
कुट्टू के आटे की पूरी
खीरे का रायता
गाजर की खीर
इस पूरी थाली में इस्तेमाल की गई सभी सामग्री व्रत के अनुकूल है। यह थाली न केवल पेट भरने वाली है, बल्कि शरीर को ऊर्जा और मन को संतुष्टि देने वाली भी है।
खास बात
हर परिवार में व्रत के नियम थोड़े अलग हो सकते हैं। कहीं टमाटर खाया जाता है, तो कहीं नहीं। आप अपनी परंपरा के अनुसार सामग्री में बदलाव कर सकते हैं। मकसद है कि व्रत का भोजन शुद्ध, सात्विक और श्रद्धा से परिपूर्ण हो।
इस नवरात्रि, श्रद्धा के साथ स्वाद का भी ध्यान रखें। मां दुर्गा की कृपा से यह पर्व आपके जीवन में ऊर्जा, सुख और शांति लेकर आए।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



