

एलायंस टुडे ब्यूरो
मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे के लिए टीम और नए टेस्ट कप्तान की घोषणा शनिवार को हो सकती है। उसी दिन चयन समिति की बैठक भी मुंबई में होने की संभावना है। इस दौरान कप्तान और दौरे पर जाने वाले खिलाड़ियों के नाम सामने आ सकते हैं।
शमी पर संशय, नए चेहरों को मौका
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इस दौरे से बाहर रखा जा सकता है। शमी फिलहाल पूरी तरह फिट नहीं हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने चयनकर्ताओं को जानकारी दी है कि वह टेस्ट मैचों में लंबा स्पैल डालने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। आईपीएल 2025 के दौरान भी शमी ने सीमित ओवरों की गेंदबाज़ी की और उनका प्रदर्शन भी औसत रहा। उन्होंने नौ मैचों में मात्र छह विकेट लिए और 11.23 की इकोनॉमी से रन दिए।
इस स्थिति को देखते हुए अर्शदीप सिंह और हरियाणा के युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मौका मिल सकता है। कंबोज पहले से ही इंडिया ए के इंग्लैंड दौरे की टीम में शामिल हैं और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 22 मैचों में 74 विकेट ले चुके हैं। वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अर्शदीप सिंह को इंग्लैंड दौरे में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने का मौका मिल सकता है। उनकी स्विंग और बाएं हाथ की विविधता इंग्लैंड की परिस्थितियों में उपयोगी साबित हो सकती है।
कप्तानी की रेस में गिल आगे
शुभमन गिल को नया टेस्ट कप्तान बनाए जाने की प्रबल संभावना है। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत के नाम भी चर्चा में हैं। चयनकर्ता टीम के अधिकतर खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया दौरे वाली टीम से ही चुन सकते हैं, हालांकि कुछ नए चेहरों की एंट्री भी तय मानी जा रही है।
साई सुदर्शन और करुण नायर भी रेस में
साई सुदर्शन और अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर को भी टीम में जगह मिल सकती है। करुण नायर ने रणजी ट्रॉफी में नौ मैचों में 863 रन बनाए हैं, जिनमें चार शतक शामिल हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने आठ मैचों में पांच शतक के साथ 779 रन बनाए थे।
संभावित टीम:
शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, साई सुदर्शन, सरफराज खान, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, हर्षित राणा, शार्दुल ठाकुर/अंशुल कंबोज, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



