
गोरखपुर: शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे, तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। इसके बाद कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ कन्या पूजन
गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्या पूजन का अनुष्ठान संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीतल के परात में जल लेकर नौ कन्याओं के एक-एक कर पांव धोए। इसके बाद उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया। पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से पूजन किया गया।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने कन्याओं को माला पहनाई, चुनरी ओढ़ाई और दक्षिणा एवं उपहार प्रदान किए। नौ कन्याओं के अलावा मंदिर में पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन कर आरती उतारी गई।
कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा भोजन
कन्या पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा। वह यह सुनिश्चित करते रहे कि किसी भी बच्चे की थाली में प्रसाद की कमी न हो। इसके लिए उन्होंने मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी। सभी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराने के बाद उपहार और दक्षिणा दी गई। मुख्यमंत्री से स्नेह और आशीर्वाद पाकर नन्हीं बालिकाओं और बटुकों में उत्साह दिखाई दिया।
मां सिद्धिदात्री की आराधना
कन्या पूजन से पहले सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महानवमी के अवसर पर आयोजित कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे।
नवरात्र की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में हुए इस अनुष्ठान में कन्या पूजन, कन्या भोज और मां सिद्धिदात्री की आराधना प्रमुख रूप से शामिल रही।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



