
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। जन्माष्टमी का पर्व राजधानी लखनऊ में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार को रिज़र्व पुलिस लाइन मंदिर में नंदलाल के जन्मोत्सव का आयोजन बेहद धूमधाम से हुआ। परंपरा के अनुसार जैसे ही घड़ी ने बारह बजाए, वैसे ही नंदकिशोर के जन्म की घोषणा होते ही वातावरण “जय श्रीकृष्णा” और “जय पुलिस लाइन” के नारों से गूंज उठा। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के चेहरों पर आनंद और भक्ति की अनोखी छटा दिखाई दी।
भक्तिमय गीतों से गूंजा पुलिस लाइन मंदिर
इस अवसर पर गायिका अंकिता सिंह ने अपनी मधुर आवाज में कई भजन गायें। उनके द्वारा गाए गए “जुग-जुग जिया सु ललनवा” जैसे भजन पर भक्त झूम उठे। अंकिता सिंह ने बातचीत में बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से पुलिस लाइन के जन्माष्टमी कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रही हैं और यहां का अनुभव हमेशा ही खास रहता है। उन्होंने कहा, “लखनऊ में मैं कई जगहों पर प्रस्तुति देती हूं, भक्ति गीतों के अलावा मैं बॉलीवुड गाने भी गाती हूं। लेकिन पुलिस लाइन में मुझे हमेशा अलग ही ऊर्जा और दर्शकों का खास समर्थन मिलता है।” अंकिता के साथ-साथ एक अन्य गायिका दीपिका मिश्रा ने भी अपने सुरों से उपस्थित श्रद्धालुओं के दिलों में जगह बनाई। उनके भजनों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
अनिरुद्ध आचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया
कार्यक्रम के दौरान जब अंकिता सिंह से हाल ही में दिए गए अनिरुद्ध आचार्य के विवादित बयान पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “उनकी बात काफी हद तक सही है। आजकल कुछ लड़कियों का आचरण भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप नहीं है।” हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि भक्ति का माहौल ही जीवन में सबसे बड़ी शक्ति देता है।

प्रसाद वितरण और जयकारों के साथ हुआ समापन
भजनों और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर पूरा मंदिर “हरे कृष्णा, हरे हरी” के जयकारों से गूंज उठा। पुलिस लाइन में हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्माष्टमी का पर्व न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र रहा, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक उत्सव के रूप में भी लोगों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ गया।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



