
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस से महज एक दिन पहले लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैसरबाग बस स्टेशन के पास स्थित ग्लोब बेकर्स एंड कैफे को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान यहां भारी गंदगी, मृत कीड़े-मकौड़े और एक्सपायर्ड मिठाई-बेकरी सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया। गुरुवार को सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम बी.एन. कटियार, राजेन्द्र कुमार, हेमन्त कुमार और प्रीति वर्मा ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में चौंकाने वाले तथ्य
जांच के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान के उत्पादन और भंडारण क्षेत्र में सफाई का घोर अभाव था। मिठाई और बेकरी सामग्री के बीच मृत मक्खियां और मच्छर मौजूद थे, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था। टीम ने देखा कि खुले में रखी मिठाइयों पर धूल जमी थी और ठंडा रखने के लिए उचित प्रबंध भी नहीं किया गया था।
सबसे गंभीर बात यह थी कि बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड मिठाई और बेकरी उत्पाद दुकान में बेचे जा रहे थे। इनमें शामिल थे —
रसगुल्ला: 100 पीस
छेना रसगुल्ला: 70 पीस
कालाजाम: 100 पीस
रसमलाई: 75 पीस
केक (1 किलो): 1 पीस
काजू कतली: 3 किलो
मोमोज: 72 पीस
इन हैन्स जेली: 2.5 किलो
बेकरी बिस्किट: 5.5 किलो
इन सभी की कुल कीमत लगभग ₹25,500 थी। मौके पर नष्ट और नमूने जांच के लिए भेजे गए, खाद्य सुरक्षा टीम ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन सभी उत्पादों को मौके पर नष्ट कर दिया। इसके साथ ही प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध, पेस्ट्री, पेड़ा, खोया की गिलौरी, मिठाई और केक के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश
गंभीर लापरवाही, गंदगी और स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान बंद करने का आदेश जारी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के सभी खानपान प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि वे स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और खासकर त्योहारों के आसपास बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की सघन जांच की जाएगी।
