
लखनऊ। कैसरबाग इलाके में कचहरी के आसपास बने वकीलों के 200 से अधिक अवैध चैंबरों पर प्रस्तावित नगर निगम की कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई है। रविवार को होने वाला अतिक्रमण विरोधी अभियान अब नहीं चलाया गया। नगर निगम ने वकीलों को अपने स्तर से अवैध चैंबर हटाने के लिए 10 अक्तूबर तक का समय दिया है। इसके बाद 11 अक्तूबर से नगर निगम प्रशासन पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा।
बताया जा रहा है कि पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने और कुछ कानूनी अड़चनों के चलते रविवार को प्रस्तावित कार्रवाई को स्थगित किया गया। हालांकि नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टली है, समाप्त नहीं हुई है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ था नोटिस
हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम प्रशासन ने 22 सितंबर को कचहरी के आसपास अवैध रूप से बनाए गए चैंबरों और अन्य अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। वकीलों को अपनी आपत्तियां दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। कई वकीलों ने इस दौरान नगर निगम के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
इसके बाद अवैध चैंबर हटाने के लिए 3 अक्तूबर तक की समय सीमा तय की गई थी। रविवार को नगर निगम की टीम को मौके पर पहुंचकर अभियान चलाना था। साथ ही कार्रवाई के दौरान वकीलों की आपत्तियों को मौके पर ही सुनने की भी व्यवस्था की गई थी।
नगर निगम के जोनल अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार को प्रस्तावित अभियान स्थगित कर दिया गया है। अब वकीलों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 10 अक्तूबर तक का समय दिया गया है।
इन इलाकों से हटाया जाएगा अतिक्रमण
नगर निगम के मुताबिक कचहरी रोड, पुराना हाईकोर्ट कैंपस, कलेक्ट्रेट, बोर्ड ऑफ रेवेन्यू, पुराना सदर तहसील कैंपस, उप निबंधन कार्यालय, कमिश्नरेट लखनऊ, रेजिडेंसी पावर सब-स्टेशन, बलरामपुर अस्पताल और कैसरबाग बस स्टेशन समेत आसपास के क्षेत्रों में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया जाना है।
नगर निगम ने साफ किया है कि 10 अक्तूबर तक संबंधित लोग स्वयं अपने अवैध चैंबर और अतिक्रमण हटा लें। ऐसा नहीं करने पर 11 अक्तूबर से प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
26 अक्तूबर को होगी अगली सुनवाई
इस मामले में अदालत में अगली सुनवाई 26 अक्तूबर को होनी है। ऐसे में 11 अक्तूबर से प्रस्तावित नगर निगम की कार्रवाई और उसके बाद की स्थिति पर भी नजर रहेगी।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



