
लखनऊ। फैजुल्लागंज में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने और बैकवाटर की वजह से पहले ही बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। अब इस संकट के बीच चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। पानी घरों में घुसने के बाद सुरक्षित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां जा चुके लोगों के खाली मकानों को चोर निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ चोर निजी नाव के सहारे रातभर इलाके में घूम रहे हैं और खाली मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
4 से 5 फीट तक पानी, हजारों लोगों ने छोड़े घर
फैजुल्लागंज के कृष्णा लोक, यशलोक, दाउदनगर, मामा कॉलोनी, कच्ची ढाल, कैलाश विहार और पवन विहार समेत कई निचले इलाकों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है। इस जलभराव से करीब 40 हजार घर प्रभावित बताए जा रहे हैं और लगभग तीन लाख की आबादी संकट का सामना कर रही है।
पानी घरों और मुख्य सड़कों तक पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने मकानों में ताला लगाकर सुरक्षित स्थानों या रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। इसी का फायदा उठाकर खाली मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बिजली आपूर्ति भी बंद
बाढ़ प्रभावित इलाकों में करंट फैलने के खतरे को देखते हुए बिजली विभाग ने फैजुल्लागंज और दाउदनगर के प्रभावित क्षेत्रों में 12 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बाढ़ के पानी में सांप-बिच्छुओं का भी खतरा
जलभराव के बीच लोगों को जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा सता रहा है। बाढ़ के पानी के साथ रिहायशी इलाकों और घरों के आसपास सांप और बिच्छू निकलने की घटनाओं से लोगों में दहशत है। ऐसे में घर छोड़ चुके लोगों के लिए अब अपने मकानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
नावों और पंपसेट से राहत अभियान
लखनऊ नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को निकालने के लिए नावों और पंपसेट की व्यवस्था की गई है। नगर आयुक्त के मुताबिक, प्रभावित लोगों के लिए तीन रैन बसेरे और दो कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। हालांकि, अंदरूनी कॉलोनियों में फंसे लोगों की ओर से पर्याप्त राहत सामग्री नहीं मिलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
स्थायी समाधान के लिए बनेगा 182 करोड़ का सुरक्षा बंधा
लगातार सामने आ रही बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत के लिए जिला प्रशासन ने योजना तैयार की है। डीएम और प्रशासन के मुताबिक, फैजुल्लागंज में करीब 182 करोड़ रुपये की लागत से नया सुरक्षा बंधा (Embankment) बनाने की योजना है। इसका उद्देश्य भविष्य में गोमती नदी का पानी आबादी वाले इलाकों में घुसने से रोकना है।
फिलहाल, फैजुल्लागंज में बाढ़, बिजली कटौती, जहरीले जीवों के खतरे और अब खाली मकानों में चोरी की घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन के सामने एक ओर लोगों को सुरक्षित निकालने की चुनौती है, तो दूसरी ओर घर छोड़कर गए परिवारों के मकानों की सुरक्षा भी बड़ा सवाल बन गई है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



