
– ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर होगी आवागमन की व्यवस्था
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बक्शी का तालाब तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार आपदा की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 दिनों में उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जनपदों में हुई भारी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा है। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं।
फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा तटबंध
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष तक नदी के तट का सर्वेक्षण किया है। बाढ़ और जलभराव की समस्या से स्थायी राहत के लिए इस पूरे क्षेत्र में तटबंध निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए तत्काल धनराशि जारी कर काम आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तटबंध को इस तरह तैयार किया जाएगा कि वह हर मौसम में उपयोगी बना रहे। साथ ही, ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर तटबंध पर आवागमन की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
बारिश के पानी की निकासी की भी होगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बरसात के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशासन को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है। बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित गांवों और मोहल्लों में प्रत्येक परिवार के लिए सूखे राशन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जनहानि पर तत्काल मिलेगी 4 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्यवश डूबने या आकाशीय बिजली गिरने से किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर इसे आपदा की श्रेणी में रखते हुए प्रभावित परिवार को तत्काल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
वहीं, बारिश और बाढ़ के कारण जिन पात्र परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल तत्काल राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि बाढ़ और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना भी है। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी गंभीरता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।


