
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद की पार्टी में वापसी और उन्हें दोबारा राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने को लेकर मीडिया में चल रही खबरों पर प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि आकाश आनंद को पार्टी में वापस लेकर फिर से राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन मीडिया के एक वर्ग ने इस घटनाक्रम को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है।
मायावती ने कहा कि कई मीडिया रिपोर्टों में यह लिखा जा रहा है कि आकाश आनंद को चार बार पार्टी से निकालने के बाद अब दोबारा BSP में वापस लिया गया और राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। उन्होंने इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि आकाश आनंद को शादी से पहले पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाने के दौरान कभी पार्टी से नहीं निकाला गया था।
शादी के बाद बदली परिस्थितियों का मायावती ने किया जिक्र
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का रिश्ता अशोक सिद्धार्थ के साथ होने के बाद परिस्थितियां बदलीं। उनका आरोप है कि इसके बाद अपने स्वार्थ के लिए आकाश आनंद की राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि आकाश आनंद में सुधार लाने के उद्देश्य से उन्हें पार्टी से कई बार अलग करना पड़ा और गलती का एहसास होने के बाद उन्हें वापस भी लिया गया।
अशोक सिद्धार्थ के संन्यास के बाद जताया भरोसा
BSP प्रमुख ने कहा कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब ऐसी कोई स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए, जिसके कारण पार्टी को आकाश आनंद को दोबारा अलग करने की जरूरत पड़े।
मायावती ने कहा कि शादी से पहले आकाश आनंद ने पार्टी को कभी शिकायत का मौका नहीं दिया था और उन्हें कभी पार्टी से निकालने की जरूरत नहीं पड़ी। अब अशोक सिद्धार्थ के संन्यास के बाद उन्हें उम्मीद है कि ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आएगी और आकाश आनंद राजनीति में आगे बढ़ेंगे।
मीडिया से मायावती की अपील
मायावती ने मीडिया से कहा कि आकाश आनंद के बारे में खबरें प्रकाशित करते समय पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी से कई बार अलग किए जाने का उल्लेख किया जाता है तो उसके पीछे की परिस्थितियों और पूरी सच्चाई का भी उल्लेख किया जाना बेहतर होगा।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



