
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को नामांकन के आखिरी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठ प्रत्याशियों ने विधान भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा की ओर से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना पर्चा दाखिल किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ प्रत्याशियों का स्वागत
नामांकन से पहले मंगलवार सुबह सभी आठों प्रत्याशी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। प्रत्याशियों के पहुंचते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता वहां जुट गए। ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद सभी प्रत्याशी पार्टी नेताओं और समर्थकों के साथ विधान भवन के लिए रवाना हुए।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत योगी सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस दौरान सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, डॉ. संजय निषाद, कपिलदेव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, ब्रजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी और बलदेव सिंह औलख समेत कई नेता मौजूद रहे।
6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित थी। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
सपा ने नहीं उतारा तीसरा प्रत्याशी
वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। मंगलवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया कि पार्टी तीसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारेगी।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। भाजपा के आठ प्रत्याशियों और सपा के दो उम्मीदवारों के नामांकन के बाद अब सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच और आगे की चुनावी प्रक्रिया पर टिकी हैं।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



