
लखनऊ। HCLTech के लखनऊ कैंपस की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर HCL IT City में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने HCL GUVI Emerging Tech Skilling Centre का लोकार्पण किया और HCL Foundation की विभिन्न पहलों से जुड़े लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम की थीम ‘Powering Technology, Talent, and Transformation in Uttar Pradesh’ रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “HCL ने लखनऊ को चुना और लखनऊ ने HCL को अपनाया।” उन्होंने कहा कि दोनों की साझा यात्रा पर आज उत्तर प्रदेश का हर व्यक्ति गौरव की अनुभूति कर सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की सबसे युवा कार्यशक्ति है और यहां की प्रतिभा उनका सबसे बड़ा सामर्थ्य और शक्ति है।
युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के युवाओं को नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ना प्राथमिकता है। AI-PRAGYA पहल के तहत 10 लाख युवाओं को नई तकनीकों और कौशल विकास से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में प्रदेश सरकार युवा प्रोफेशनल्स को पूरा सहयोग देगी, ताकि वे लखनऊ को भारत की अग्रणी AI Innovation City के रूप में विकसित करने के अभियान का हिस्सा बन सकें। लखनऊ में AI City विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार पहले से काम कर रही है।
‘अब बीच में कोई कट मनी नहीं ले सकता’
डिजिटल व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अब बीच में कोई कट मनी नहीं ले सकता है। ये डिजिटल इंडिया का कमाल है।” उन्होंने कहा कि तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
HCL Tech ने कारोबार के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी किया काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि HCLTech ने उत्तर प्रदेश में केवल अपने व्यवसाय का विस्तार नहीं किया, बल्कि ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम में HCL Foundation की विभिन्न पहलों से जुड़े लाभार्थियों को चेक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। HCL Foundation और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच जुलाई 2026 में सतत शहरी विकास और कचरा प्रबंधन से जुड़े सहयोग के लिए भी समझौता हुआ था।
HCL GUVI Emerging Tech Skilling Centre का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने HCL GUVI Emerging Tech Skilling Centre का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य युवाओं को नई और उभरती तकनीकों के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है। HCLTech पहले से लखनऊ को अपने प्रमुख ‘New Vistas’ केंद्रों में शामिल कर चुका है, जहां डिजिटल, इंजीनियरिंग और क्लाउड/AI से जुड़े काम किए जाते हैं।
कार्यक्रम में HCL Group की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा और HCLTech के COO राहुल सिंह समेत कंपनी और प्रदेश सरकार के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने HCLTech को लखनऊ में दस वर्ष पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार, उद्योग और युवा प्रतिभाओं के बीच बेहतर तालमेल से उत्तर प्रदेश को तकनीक, डिजिटल इनोवेशन और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



