
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को लखनऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा- विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को देश के लिए गौरव का अवसर बताया। प्रदेश में भाजपा की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी जानकारी कार्यक्रम से पहले भी सार्वजनिक की गई थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “आज हर भारतवासी के लिए गौरव का दिन है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहर्निश सेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं।” उन्होंने कहा कि यह अवसर बहुत कम आता है, जब गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर एक सामान्य कार्यकर्ता वैश्विक स्तर पर भारत का नेतृत्व करने की स्थिति तक पहुंचे और देश को नई पहचान दिलाए।
योगी ने कहा कि यह हर भारतवासी और हर उत्तर प्रदेशवासी के लिए गौरव का क्षण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के वाराणसी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
12 साल पहले दुनिया की खराब अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 12 वर्ष पहले भारत को दुनिया की खराब अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज देश आर्थिक मोर्चे पर टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में अपना स्थान बनाने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत अब चिप निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
योगी ने डिजिटल व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अब योजनाओं और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और “बीच में कोई कट मनी नहीं ले सकता, ये डिजिटल इंडिया का कमाल है।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यसभा चुनाव के परिणाम का जिक्र करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “कल यूपी के राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने वाला है।”
योगी ने कहा कि यह लड़ाई फिर 80-20 पर आ गई है और “80 फीसदी एनडीए में, 20 फीसदी पीडीए में” जाने की बात कही। यह टिप्पणी उन्होंने कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक संदर्भ में की।
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करना रहा। देश के विभिन्न हिस्सों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के आयोजन किए गए।
लखनऊ के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा सह प्रभारी एवं सांसद मेधा कुलकर्णी, विधायक पंकज सिंह, सौरभ मिश्रा, महेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, आनंद द्विवेदी, विजय मौर्य, लालजी प्रसाद निर्मल, महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद संजय सेठ, बृजलाल, विधायक मुकेश शर्मा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



