
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक भवन, लखनऊ में हुई उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और उनकी 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करती है, जिन्होंने प्रदेश को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर की सौगात दी। यह प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है और भविष्य में देश के प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित होने जा रहा है। इसी के मद्देनजर मंत्रिपरिषद ने इसका नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने का प्रस्ताव पारित किया है।
प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवाकाल पर अभिनंदन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर, 2026 का दिन देश के इतिहास में गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने उनका हार्दिक अभिनंदन किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। गरीबों, वंचितों, पिछड़ों, युवाओं, महिलाओं और किसानों सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
60 हजार करोड़ रुपये से बने 42 राष्ट्रीय राजमार्ग
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए मॉडल के रूप में उभरा है। प्रदेश में करीब 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है।
उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से प्रदेश के विकास और आवागमन को गति मिली है।
राम मंदिर और सांस्कृतिक विरासत का भी किया उल्लेख
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद यह सपना साकार हुआ।
मुख्यमंत्री ने मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा के आरोहण को भी प्रदेश और देश के लिए गौरव एवं हर्ष का ऐतिहासिक क्षण बताया।
स्वास्थ्य सुविधाएं और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्वस्थ उत्तर प्रदेश’ के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक को सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। प्रदेश सरकार भी जनकल्याण और सर्वसमाज के उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की यात्रा पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही जेवर एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



