लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी में अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ और वरिष्ठ नेता रणधीर सिंह बेनीवाल को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
मायावती ने बताया कि अशोक सिद्धार्थ को पहले भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण और प्रदेश नेतृत्व के साथ तालमेल न रखने के कारण पार्टी से निष्कासित किया गया था। बाद में उन्हें इस शर्त पर दोबारा पार्टी में शामिल किया गया कि वे भविष्य में अनुशासन का पालन करेंगे। साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश के बजाय अन्य राज्यों में पार्टी का जनाधार बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
बसपा प्रमुख के अनुसार, इसके बाद भी कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत जिन राज्यों की जिम्मेदारी उन्हें दी गई, वहां लगातार पार्टी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन और अनुशासनहीनता की शिकायतें मिलती रहीं। कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार न होने पर पहले उन्हें सभी जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया और अब पार्टी हित में स्थायी रूप से निष्कासित कर दिया गया है। मायावती ने स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ को भविष्य में किसी भी स्थिति में दोबारा पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में मायावती ने बताया कि रणधीर सिंह बेनीवाल, जिन्हें पंजाब के साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी दी गई थी, उनके खिलाफ भी लगातार अनुशासनहीनता और पार्टी निर्देशों की अवहेलना की शिकायतें मिल रही थीं। इसे देखते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
मायावती ने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में संगठन में किए गए फेरबदल के तहत राज्यसभा सांसद रामजी गौतम को अन्य राज्यों के साथ-साथ दोबारा पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रामजी गौतम आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव तक यह जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
बसपा सुप्रीमो ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी का मौजूदा नीतिगत निर्णय है कि उत्तर प्रदेश के जो वरिष्ठ पदाधिकारी या कोऑर्डिनेटर अन्य राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश में किसी भी संगठनात्मक जिम्मेदारी पर नियुक्त नहीं किया जाएगा।
अपने संदेश के अंत में मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों और पार्टी में भ्रम फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों से सतर्क रहें। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। साथ ही मीडिया से भी उन्होंने अपील की कि वह तथ्यों पर आधारित खबरें प्रकाशित करे और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी का प्रसार करने से बचे।
UP Desk Alliance Today की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। टीम निष्पक्ष और प्रमाणिक पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है।

