

एजेंसी
मास्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत का दौरा करने वाले हैं। इस बात की पुष्टि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने गुरुवार को मास्को में की। हालांकि यात्रा की सटीक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन रूसी समाचार एजेंसी इंटरफैक्स के अनुसार, यह दौरा अगस्त के अंत तक हो सकता है। एनएसए डोभाल ने कहा, “भारत और रूस के बीच दीर्घकालीन और विशेष रणनीतिक साझेदारी रही है, जिसे हम अत्यधिक महत्व देते हैं। दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय संवाद संबंधों को और मजबूत करता रहा है। राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं और मुझे लगता है कि तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं।
ट्रंप की टैरिफ नीति के बीच पुतिन का दौरा
राष्ट्रपति पुतिन की यह संभावित भारत यात्रा ऐसे समय पर हो रही है, जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारत पर एकतरफा रूप से 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने के कार्यकारी आदेश पर भी दस्तखत कर दिए हैं, जो गुरुवार से लागू हो गया है। ट्रंप ने भारत पर इस टैरिफ की बड़ी वजह रूस से तेल की खरीद को बताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि रूस ने यूक्रेन में युद्ध नहीं रोका, तो वह रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर सेकंडरी टैरिफ लगाएंगे। भारत पर भी अलग से दंडात्मक कार्रवाई की धमकी दी गई है। बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध को चार साल हो चुके हैं और ट्रंप के प्रयासों के बावजूद इसमें कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
पुतिन-ट्रंप की संभावित मुलाकात
इस बीच, क्रेमलिन ने जानकारी दी है कि राष्ट्रपति पुतिन आने वाले दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे। रूसी राष्ट्रपति के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि दोनों देशों के बीच बैठक की जगह को लेकर सहमति बन गई है और इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की रूस यात्रा पुतिन की भारत यात्रा की तैयारियों के तहत हो रही है। इसके साथ ही वे द्विपक्षीय ऊर्जा एवं रक्षा साझेदारी को लेकर भी अहम बातचीत कर रहे हैं। मास्को से मिल रही जानकारी के अनुसार, डोभाल और रूसी अधिकारियों के बीच पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बीच रूसी कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई है। भारत और रूस के संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत रहे हैं और बदलते वैश्विक परिदृश्य में यह यात्रा दोनों देशों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



