बरेली। सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के दिशा-निर्देश में बुधवार, 30 सितम्बर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सीबीगंज में एक दिवसीय अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारम्भ आईआईए बरेली के अध्यक्ष शेखर अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
मेले में गौरव इंजीनियरिंग, एपी ऑटोजोन, राजश्री कॉलेज, अशोका फोम, अशोका लीलैंड रुद्रपुर, मार्स कॉस्मेटिक दिल्ली, फ्लेक्सी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल तथा कोजेन्ट ई-सर्विस लिमिटेड सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
अप्रेन्टिसशिप मेले में 220 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार के बाद कंपनियों द्वारा 93 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। आईआईए बरेली के अध्यक्ष शेखर अग्रवाल ने मौके पर ही 11 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर शेखर अग्रवाल ने आईटीआई प्रधानाचार्य को आश्वस्त किया कि अधिक से अधिक आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को बरेली में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
नोडल प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा ने सभी कंपनी प्रतिनिधियों एवं आईआईए के सदस्यों का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने चयनित प्रशिक्षार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रधानाचार्य ने आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के समस्त स्टाफ का धन्यवाद किया।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.


