
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में मकान खाली कराने के बदले 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, वादी वाजिद हुसैन ने 7 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि जाकिर हुसैन, आसिफ हुसैन और आमिर हुसैन ने मकान खाली करने के एवज में 10 लाख रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने, गाली-गलौज करने और वादी व उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर कैंट थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित जाकिर पुत्र शाकिर हुसैन अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहनपुर स्थित उसके घर पर दबिश देकर सुबह करीब 7:50 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसके खिलाफ कैंट और कोतवाली थानों में वर्ष 2018 से 2025 तक के पांच अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, आपराधिक बल और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। कार्रवाई में थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास, उपनिरीक्षक प्रतीक तोमर समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.

