
बरेली। स्वच्छ रेल परिसर के निर्माण व यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत बरेली रेलवे स्टेशन के यार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 8 अक्तूबर को आयोजित इस अभियान में सफाई मित्रों के सहयोग से रेल पटरियों के आसपास सघन सफाई की गई। साथ ही सफाई कर्मियों को स्वच्छता के महत्व व कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।
मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़े के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों व रेल परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बरेली रेलवे स्टेशन पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने सफाई मित्रों के साथ मिलकर यार्ड क्षेत्र व रेल पटरियों के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान पटरियों के बीच व आसपास बिखरे कचरे तथा अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण के लिए हटाया गया।
सफाई मित्रों को किया जागरूक
अभियान के दौरान सफाई मित्रों को कार्यस्थल की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने व कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही रेलवे परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने के लिए नियमित सफाई गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। यात्रियों व रेल उपयोगकर्ताओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छता पखवाड़े को केवल एक अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक कार्यप्रणाली व सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है। इस दौरान स्वच्छ रेल परिसर के निर्माण में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे मुरादाबाद महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों व आमजन से अपील की है कि वे रेलवे परिसर, प्लेटफॉर्म व रेल पटरियों के आसपास कूड़ा न फेंकें तथा कचरे के लिए निर्धारित कूड़ेदान का ही उपयोग करें। रेलवे प्रशासन ने स्वच्छ रेल परिसर के निर्माण में सभी से सहयोग की अपेक्षा की।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ रेल परिसर स्वस्थ व सुंदर परिवेश के संकल्प के साथ मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.

