
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने और “प्रेस” शब्द के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे से विशेष अभियान की शुरुआत की। समिति के संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान “प्रेस” लिखे वाहनों और पत्रकार पहचान-पत्रों की जांच की गई।
समिति ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य वास्तविक पत्रकारों को परेशान करना नहीं, बल्कि फर्जी पत्रकारों, फर्जी प्रेस पहचान-पत्रों और अनधिकृत रूप से “प्रेस” लिखे वाहनों के दुरुपयोग पर रोक लगाना है।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए अभियान में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया। इस दौरान यातायात पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी, एसीपी ट्रैफिक प्रदीप कुमार यादव, टीआई शैलेश पांडे, टीएसआई वीरेंद्र प्रताप सिंह और हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
अभियान के दौरान करीब 45 वाहनों की जांच की गई। समिति के अनुसार, प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने अपने वैध पहचान-पत्र दिखाकर जांच में सहयोग किया। वहीं 12 ऐसे वाहन चिन्हित किए गए, जिन पर अनधिकृत रूप से “प्रेस” लिखा हुआ था। समिति का दावा है कि इन वाहनों का किसी समाचार संस्थान से संबंध नहीं मिला और कुछ का इस्तेमाल निजी कार्यों के लिए किया जा रहा था।
बता दें की इस दौरान शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक व्यक्ति की बाइक पर भी “प्रेस” का स्टिकर लगा मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह क्लीनिंग का काम करता है और पत्रकार नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उसका चालान किया और मौके पर ही वाहन से “प्रेस” का स्टिकर हटवा दिया।
समिति के अध्यक्ष विक्रम राव और महासचिव ज्ञानेश पाठक ने कहा कि पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वहीं संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी वास्तविक पत्रकार को असुविधा पहुंचाना अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि केवल प्रेस की पहचान का कथित दुरुपयोग करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
समिति ने बताया कि लखनऊ से शुरू हुआ यह अभियान चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य जिलों में भी चलाया जाएगा।
Lucknow Desk Alliance Today की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाती है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।
