
– पुराना दाऊदनगर समेत कई कॉलोनियां जलभराव की चपेट में, नए स्वास्थ्य भवन की बेसमेंट में भी भरा पानी
लखनऊ। राजधानी के फैजुल्लागंज क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। पुराना दाऊदनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भी जलभराव की चपेट में आ गया है। अस्पताल परिसर के अंदर तक पानी पहुंचने से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ डॉक्टरों और मरीजों के आने-जाने में भी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2024 में इस स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास हुआ था और यहां मरीजों का इलाज भी किया जाता है। हालांकि, लगातार जलभराव के कारण अस्पताल परिसर की स्थिति खराब बनी हुई है।
नए स्वास्थ्य भवन की बेसमेंट में भी भरा पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के अंदर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। वहीं, नवीन स्वास्थ्य भवन की बेसमेंट में भी पानी भर गया है। जलभराव के चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और विधायक से शिकायत की गई, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
लोगों के मुताबिक, नगर निगम में शिकायत करने पर कई बार ट्यूबवेल भेजकर पानी निकालने की कोशिश की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।
पूजा शुक्ला कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचीं दाऊदनगर
फैजुल्लागंज में जलभराव की समस्या अब राजनीतिक रूप भी लेती दिख रही है। सपा नेत्री पूजा शुक्ला कार्यकर्ताओं के साथ दाऊदनगर पहुंचीं और भीषण जलभराव से प्रभावित स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
पूजा शुक्ला ने कहा कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
कई कॉलोनियों के लोग परेशान
फैजुल्लागंज क्षेत्र की पवन बिहार कॉलोनी, मामा कॉलोनी, दाऊदनगर, पुराना दाऊदनगर और शिव शक्ति नगर समेत कई इलाके जलभराव से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
बारिश के बाद इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर पानी भर जाने से लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कर जल्द राहत दिलाने की मांग की है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



