
– इस्कॉन में 256 प्रकार के भोग, मंदिरों में फूल बंगला, डिजिटल झांकी, राधा-कृष्ण लीला और महारास के होंगे आयोजन
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिलेगा। शहर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, राधा-कृष्ण लीला, डिजिटल मूविंग झांकी, फूल बंगला, भजन संध्या और महारास समेत कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रमों को लेकर शहर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष तैयारियां की गई हैं।
इस्कॉन मंदिर में 256 प्रकार के भोग
सुशांत गोल्फ सिटी स्थित इस्कॉन मंदिर में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी के अनुसार, महोत्सव के दौरान महाअभिषेक, भगवान का दिव्य श्रृंगार, संकीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से 256 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। इस दौरान श्रील प्रभुपाद व्यास पूजा का भी विशेष आयोजन होगा।
35वीं वाहिनी पीएसी की ओर से पीएसी परिसर में शाम 7:30 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अहमामऊ स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में जगतगुरु आचार्य देवमुरारी के नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत रात 8 बजे होगी।
न्यू गणेशगंज स्थित रामा ग्लास हाउस में शाम 7 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और डिजिटल मूविंग झांकी का आयोजन होगा। आधुनिक तकनीक से तैयार की गई यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर में शाम 8 बजे श्रीराधामाधव का फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही कृष्ण बाल लीला और महारास का मंचन, पंचाभिषेक, भजन संध्या और आनंद उत्सव का आयोजन होगा।
बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शाम 8 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर को देशी और विदेशी फूलों से सजाकर आकर्षक फूल बंगला तैयार किया गया है।
आलमबाग के रामप्रसाद खेड़ा स्थित श्री भूलेश्वर खाटू श्याम मंदिर में रात 8 बजे बच्चों द्वारा माखन चोरी और राधा-कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा। धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेंगी।
राजधानी के रिजर्व पुलिस लाइंस में शाम 5:30 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का कार्यक्रम है। आयोजन को लेकर पुलिस लाइंस में विशेष तैयारियां की गई हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राजधानी लखनऊ के विभिन्न हिस्सों में होने वाले इन आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।


