
– 12 सितम्बर को जिला दीवानी न्यायालय समेत बाह्य स्थित न्यायालयों में होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
बैठक में चकबंदी, समाज कल्याण, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण, बांट-माप, जिला पूर्ति, पशुपालन, आबकारी, उद्योग एवं स्टाम्प सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला जज श्रीमती मनाली चन्द्रा ने कहा कि माननीय उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 12 सितम्बर को जिला दीवानी न्यायालय, उरई एवं बाह्य स्थित न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रभावी प्रचार-प्रसार कराने की अपील की। साथ ही अधिक से अधिक पात्र मामलों को चिन्हित कर उनके निस्तारण के लिए सार्थक और परिणामोन्मुखी प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान अपर जिला पशु अधिकारी डॉ. राजेन्द्र बाबू, जिला आबकारी अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण विभाग से देवेन्द्र त्रिवेदी, जिला पूर्ति विभाग से एआरओ हाकिम सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



